वॉशिंगटन।
डोनाल्ड ट्रंप ने चिप निर्माण दिग्गज कंपनी इंटेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) लिप-बू टैन को उनके पद से इस्तीफा देने की खुली मांग की है। ट्रंप का आरोप है कि टैन के अतीत में चीन से जुड़े कारोबारी संबंध अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी हितों के लिए चिंता का विषय हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों को चीन के प्रभाव से मुक्त रहना चाहिए और ऐसे किसी भी शीर्ष अधिकारी पर सवाल उठना लाज़मी है जिसके कारोबारी हित बीजिंग से जुड़े हों। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सेमीकंडक्टर निर्माण क्षेत्र में अमेरिका को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
लिप-बू टैन, जो इससे पहले कई टेक कंपनियों और निवेश उपक्रमों से जुड़े रहे हैं, के चीन में पूर्व व्यापारिक सौदों पर हाल में अमेरिकी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज़ हो गई है। इंटेल पहले से ही बाज़ार में प्रतिस्पर्धा, आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों और तकनीकी बढ़त बनाए रखने के दबाव का सामना कर रही है।
कंपनी की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है।