नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएँ दीं। ट्रंप ने इस अवसर पर भारत-अमेरिका की साझेदारी को और मज़बूत करने का संकल्प जताते हुए कहा कि दोनों देश मिलकर रिश्तों को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, ट्रंप और मोदी के बीच हुई बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण रही। ट्रंप ने मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते केवल रणनीतिक सहयोग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह वैश्विक शांति और प्रगति के लिए अहम हैं।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग, व्यापार, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। ट्रंप ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत-अमेरिका संबंध दुनिया के सामने साझेदारी की मिसाल पेश करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार जताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती लोकतांत्रिक मूल्यों और साझा हितों पर आधारित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे।