इंग्लैंड के नॉर्थम्बरलैंड में स्थित ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध 'सिकामोर गैप' पेड़ को काटने वाले दो व्यक्तियों को कोर्ट ने चार साल और तीन महीने की जेल की सजा सुनाई है। यह वही पेड़ है जो लगभग 200 साल पुराना था और हैड्रियन वॉल के पास स्थित होने के कारण विश्व धरोहर स्थलों में शामिल था।
न्यूकैसल क्राउन कोर्ट ने मंगलवार को 39 वर्षीय डैनियल ग्राहम और 32 वर्षीय एडम कैरथर्स को "जानबूझकर की गई मूर्खता" के अपराध का दोषी मानते हुए यह सज़ा सुनाई। दोनों पर न सिर्फ ऐतिहासिक पेड़ को काटने का दोष साबित हुआ, बल्कि रोमन साम्राज्य द्वारा लगभग 2,000 साल पहले बनाई गई Hadrian’s Wall को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप था, जो आज यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है।
घटना 28 सितंबर 2023 की रात की है, जब तूफान ‘एग्नेस’ के दौरान दोनों आरोपी एक चेनसॉ लेकर क्रैग लफ के निकट पहुंचे और पेड़ को काट डाला। पेड़ गिरने से पास ही स्थित प्राचीन दीवार को भी नुकसान पहुंचा। घटनास्थल का वीडियो डैनियल ग्राहम के मोबाइल फोन से बरामद हुआ, जिससे उनकी संलिप्तता पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
जज क्रिस्टीना लैम्बर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा, "यह एक अत्यंत पूर्वनियोजित अपराध था, हालांकि इसका असली मकसद आज भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आरोपी एडम कैरथर्स द्वारा नशे में होने का दावा खारिज कर दिया गया है।"
उन्होंने आगे कहा, "आप लोगों ने इस ऐतिहासिक पेड़ को काटकर सिर्फ 'बहादुरी दिखाने' के लिए यह हरकत की। आधी रात को, तूफान के बीच इस तरह का कृत्य आपको शायद रोमांचकारी लगा हो, लेकिन आपने एक सांस्कृतिक और भावनात्मक धरोहर को नष्ट किया है।"
‘सिकामोर गैप’ पेड़ की खासियत:
यह पेड़ इंग्लैंड के सबसे प्रसिद्ध और फोटोजेनिक पेड़ों में से एक था, जो हैड्रियन वॉल के बीचोंबीच स्थित था। इसे हॉलीवुड फिल्म ‘रॉबिन हूड: प्रिंस ऑफ थीव्स’ में भी दिखाया गया था और यह स्थानीय लोगों के लिए भावनात्मक महत्व रखता था।
इस ऐतिहासिक नुकसान को लेकर ब्रिटेन में गहरा आक्रोश और दुख व्यक्त किया गया है। कई लोगों ने इस कृत्य को "राष्ट्रीय शर्म" बताया है।