अमेरिका-ईयू व्यापार समझौता: वैश्विक व्यापार में स्थिरता की ओर बड़ा कदम

अमेरिका-ईयू व्यापार समझौता: वैश्विक व्यापार में स्थिरता की ओर बड़ा कदम

अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) ने रविवार को एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौते पर मुहर लगा दी है, जिससे वैश्विक बाजार में लंबे समय से चल रहे तनाव को टाल दिया गया है। इस ऐतिहासिक समझौते के तहत अब यूरोपीय संघ के अधिकांश उत्पादों पर अमेरिका में 15 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) लागू होगा।

इस समझौते की घोषणा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच स्कॉटलैंड स्थित टर्नबेरी गोल्फ रिसॉर्ट में हुई एक अहम बैठक के बाद की गई। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात लगभग एक घंटे चली, जिसके बाद उन्होंने मीडिया को संयुक्त रूप से जानकारी दी।

"अब तक का सबसे बड़ा सौदा" – ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने समझौते को "अब तक का सबसे बड़ा सौदा" करार दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार घाटे को कम करना उनकी प्राथमिकता रही है और यह समझौता उस दिशा में एक निर्णायक कदम है।

वॉन डेर लेयेन ने कहा, "15 प्रतिशत टैरिफ सभी क्षेत्रों में लागू होगा, लेकिन यह समझौता स्थिरता और सहयोग का संकेत है। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अब एक व्यापार साझेदारी में बंधी हैं, जो वैश्विक बाजार के लिए राहत की बात है।"

600 अरब डॉलर का निवेश और रक्षा सौदे

समझौते के तहत ईयू अमेरिका में लगभग 600 अरब डॉलर का निवेश करेगा। इसके अतिरिक्त यूरोपीय संघ अमेरिका से ईंधन और सैन्य उपकरणों की खरीद भी बढ़ाएगा। हालांकि, यूरोपीय देशों के कुछ वर्गों ने 15% टैरिफ पर चिंता जताई है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रंप प्रशासन की पहले घोषित 30% दर की तुलना में कहीं बेहतर है।

यह समझौता हाल ही में जापान और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते की तर्ज पर है।

स्टील और एल्युमीनियम पर राहत नहीं

ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह 15 फीसदी टैरिफ ऑटोमोबाइल और अन्य सामानों पर लागू होगा, लेकिन स्टील और एल्युमीनियम जैसी वस्तुएं इससे बाहर रहेंगी, जिन पर पहले से ही 50 फीसदी शुल्क लागू है।

1 अगस्त से प्रभावी, रियायत नहीं

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि यह टैरिफ 1 अगस्त 2025 से लागू होगा और इसमें किसी भी प्रकार की रियायत या विस्तार की संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बातचीत के लिए राष्ट्रपति ट्रंप हमेशा तैयार रहते हैं, लेकिन सीमा शुल्क विभाग उसी दिन से वसूली शुरू कर देगा।

स्कॉटलैंड दौरे पर ट्रंप, गोल्फ कोर्स का प्रचार

राष्ट्रपति ट्रंप इन दिनों पांच दिवसीय स्कॉटलैंड दौरे पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य ट्रंप परिवार के गोल्फ कोर्स और अन्य संपत्तियों का प्रचार-प्रसार करना है। सोमवार को वे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात करने वाले हैं।

इस बीच, ट्रंप के रिसॉर्ट के बाहर प्रदर्शनकारियों का एक समूह अमेरिकी झंडे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन करता नजर आया।