सीरिया में आईएस पर अमेरिका के नए हवाई हमले, चेतावनी—हमारे सैनिकों पर हमला किया तो कहीं छिप नहीं पाएंगे

सीरिया में आईएस पर अमेरिका के नए हवाई हमले, चेतावनी—हमारे सैनिकों पर हमला किया तो कहीं छिप नहीं पाएंगे

वॉशिंगटन/दमिश्क। सीरिया में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के ठिकानों पर अमेरिका ने एक बार फिर जोरदार हवाई हमले किए हैं। अमेरिकी सेना ने यह कार्रवाई उस हमले के जवाब में की है, जिसमें हाल ही में आईएस के हमले में अमेरिका के दो सैनिकों की मौत हो गई थी। शनिवार देर रात किए गए इन हमलों में आईएस के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बयान जारी कर बताया कि अमेरिका ने अपने सहयोगी देशों की सेनाओं के साथ मिलकर सीरिया के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर एयर स्ट्राइक की। यह कार्रवाई स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 12:30 बजे की गई। सेंटकॉम के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य आईएस की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और उसके नेटवर्क को खत्म करना है।

अमेरिकी सेना ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “हमारा संदेश बिल्कुल साफ है—अगर हमारे सैनिकों पर हमला किया गया, तो हम दोषियों को दुनिया में कहीं से भी ढूंढ निकालेंगे और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”

गौरतलब है कि इससे पहले 19 दिसंबर को अमेरिका ने सीरिया में आईएस के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए करीब 70 ठिकानों पर बमबारी की थी। इसके बाद बीते सप्ताह ब्रिटेन और फ्रांस की सेनाओं ने भी संयुक्त रूप से सीरिया में हवाई हमले किए थे। ये हमले मुख्य रूप से होम्स प्रांत के ऐतिहासिक पल्मायरा क्षेत्र में आईएस के ठिकानों पर केंद्रित थे।

हालांकि साल 2019 में आईएस को सीरिया में बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन संगठन अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के मुताबिक, सीरिया और इराक में अभी भी आईएस के 5,000 से 7,000 सक्रिय लड़ाके मौजूद हैं, जो स्लीपर सेल के जरिए समय-समय पर हमले करते रहते हैं।

अमेरिका और उसके सहयोगी देशों का कहना है कि आईएस को दोबारा संगठित होने से रोकने के लिए इस तरह की सैन्य कार्रवाई जरूरी है और भविष्य में भी आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।