पैरामैट्टा में रंग, संस्कृति और समुदाय का संगम

स्थानीय कलाकारों और व्यवसायियों के लिए बड़ा अवसर

पैरामैट्टा में रंग, संस्कृति और समुदाय का संगम

सिडनी का पैरामैट्टा शहर अब और भी रंगीन और जीवंत बनने जा रहा है। सिटी ऑफ पैरामैट्टा काउंसिल ने “वाइब्रेंट पैरामैट्टा” कार्यक्रम के तहत स्थानीय कलाकारों और व्यवसायियों को आमंत्रित किया है, ताकि शहर के सार्वजनिक स्थलों को भित्तिचित्रों, सजावटी रोशनी और भवनों की साज-सज्जा से निखारा जा सके।

इस योजना के तहत व्यावसायिक या विरासत भवनों के मालिक अपने भवनों के अग्रभाग को आकर्षक बना सकते हैं, वहीं कलाकार अपनी रचनात्मक कला से शहर की पहचान को नया रूप दे सकते हैं।

लॉर्ड मेयर मार्टिन ज़ाइटर ने कहा कि बर्लिन और न्यूयॉर्क जैसे विश्व के बड़े शहर अपनी मशहूर स्ट्रीट आर्ट के लिए जाने जाते हैं, और यह कार्यक्रम पैरामैट्टा को कला और संस्कृति का प्रमुख गंतव्य बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, “पैरामैट्टा विविध संस्कृतियों का संगम है। हम चाहते हैं कि हमारे मोहल्ले बोल्ड और प्रेरणादायक कला से सजे, जो हमारे समृद्ध इतिहास और सामुदायिक भावना को दर्शाए।”

इस वर्ष काउंसिल विभिन्न श्रेणियों में 40,000 डॉलर तक का सहयोग देगी —

  • भित्तिचित्र (Wall-art Mural): मध्यम और बड़े पैमाने के कला कार्य के लिए अधिकतम 40,000 डॉलर

  • सजावटी लाइटिंग: अधिकतम 20,000 डॉलर

  • भवन अग्रभाग सौंदर्यीकरण: अधिकतम 20,000 डॉलर

  • विरासत भवन संरक्षण: अधिकतम 20,000 डॉलर

राइडालमेयर बेकरी एवं कैफ़े की मालिक जैसिंटा ने बताया कि उनके भवन पर कलाकार क्लेयर फॉक्सटन द्वारा बनाया गया रंगीन भित्तिचित्र अब पूरे इलाके की पहचान बन गया है। “लोग दूर से ही इसे देखकर खिंचे चले आते हैं। इससे हमारे ग्राहक बढ़े हैं और इलाके में गर्व की भावना भी जगी है।”

पश्चिमी सिडनी की कलाकार क्रिस्टिना हुईनह (स्टाइना) ने 2023 में ‘लेक पारा’ नामक भित्तिचित्र बनाया था, जिसमें स्थानीय प्राकृतिक सुंदरता और दुर्लभ पक्षियों को उकेरा गया है। उन्होंने कहा, “मैं चाहती थी कि लोग व्यस्त जीवन में भी प्रकृति से जुड़ाव महसूस करें।”

“वाइब्रेंट पैरामैट्टा” के लिए आवेदन 7 अक्टूबर 2025 दोपहर 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।