बेंगलुरु, 8 अगस्त।
चुनाव प्रक्रिया में धांधली के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार को आयोजित कांग्रेस की "वोट अधिकार रैली" में पार्टी सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र और चुनाव आयोग पर तीखे सवाल दागे।
रैली में राहुल गांधी ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को बराबरी के साथ वोट देने का अधिकार देता है और यह अधिकार किसी भी हालत में छीना नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, "हमने भारत के संविधान की रक्षा की है। इसमें डॉ. अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, बसवना, नारायण गुरु और ज्योतिराव फुले की आवाज गूंजती है।"
राहुल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में हाल ही में हुई घटनाएं चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उनके अनुसार, लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को जीत मिली, लेकिन महज़ चार महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत हासिल हो गया। राहुल ने कहा, "हमें पता चला कि विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए मतदाताओं ने मतदान किया। यह बेहद चौंकाने वाला है और इसकी जांच होनी चाहिए।"
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह रैली सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान है। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर सड़क से संसद तक आंदोलन जारी रहेगा।