सिडनी के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल इंटरकॉन्टिनेंटल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला कर्मचारी पर उसी की सहकर्मी ने चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना शहर के प्रमुख इलाके मैक्वॉरी स्ट्रीट स्थित इंटरकॉन्टिनेंटल होटल में शुक्रवार रात घटी। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय महिला कर्मचारी पर उसी होटल में कार्यरत एक 31 वर्षीय महिला सहयोगी ने हमला किया।
घटना के दौरान पीड़िता के चेहरे, पीठ और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत सेंट विंसेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित महिला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में यह आपसी विवाद का मामला माना जा रहा है।
इंटरकॉन्टिनेंटल होटल सिडनी का एक प्रमुख लग्जरी होटल है, जहाँ पहले भी राजकुमारी डायना, मैडोना, एल्टन जॉन और बिल क्लिंटन जैसे दिग्गज ठहर चुके हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। घटना से होटल के कर्मचारियों और मेहमानों में दहशत का माहौल है।